जिले के 11 ब्लैक स्पॉट घटकर सिर्फ एक रह गए, 767 जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को किया जागरूक
चालानी कार्रवाई में 200% की बढ़ोतरी, एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने यातायात पुलिस की टीम की सराहना की
तेजाराम साहू ,नर्मदापुरम। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में करीब 5 प्रतिशत और हादसों में होने वाली मौतों में 19 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई में करीब 200 प्रतिशत और जुर्माना राशि में 150 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में मिली इस उपलब्धि को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की है।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के साथ यातायात थाना एवं कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। एसपी ने बेहतर कार्यों की प्रशंसा करते हुए यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
11 ब्लैक स्पॉट घटकर एक पर पहुंचे
समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में वर्ष 2021 में कुल 11 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए थे। प्रभावी प्रयासों के चलते वर्ष 2022 में इनकी संख्या घटकर 8 और वर्ष 2023 में 4 रह गई। अब जिले में केवल एक ब्लैक स्पॉट शेष है। एसपी ने शेष ब्लैक स्पॉट को भी समाप्त करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
767 जागरूकता कार्यक्रमों से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
यातायात पुलिस द्वारा इस वर्ष जिलेभर में कुल 767 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 221 स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, 244 सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा 302 ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को जागरूक करने और ट्रॉलियों पर रेडियम लगाने के अभियान शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन तथा दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
लापरवाह वाहन चालकों पर सख्ती के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अव्यवस्थित पार्किंग, नशे में वाहन चलाने वालों, तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने और मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों और कोचिंग सेंटरों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही राहवीर योजना, हिट एंड रन मुआवजा योजना और कैशलेस उपचार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।
एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन कर और जिम्मेदारी से वाहन चलाकर दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा, यातायात प्रभारी सुनीता पटेल, रक्षित निरीक्षक नरेंद्र त्रिपाठी एवं सूबेदार ईशान रिछारिया सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
.webp)
.webp)