आरोह समर कैंप का समापन, एक माह तक खिलाड़ियों ने लिया विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण

SANDEEP SAHU
0

Aarohi-Summer-Camp-concludes-players-undergo-training-in-various-sports-for-a-month.


तेजाराम साहू खातेगांव। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, देवास द्वारा विकासखंड खातेगांव में 1 मई से 31 मई तक आयोजित आरोह समर कैंप-2026 का समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

खेल ब्लॉक समन्वयक रीमा बछानिया ने बताया कि शासकीय मॉडल स्कूल खातेगांव एवं सुषमा स्वराज स्टेडियम खातेगांव में एक माह तक संचालित समर कैंप में बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं ने भाग लिया। कैंप के दौरान प्रतिभागियों को कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स एवं स्केटिंग सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा हनुमानजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर की गई। अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेलों के प्रति निरंतर समर्पित रहने, अनुशासन एवं नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं।

मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच उपलब्ध कराते हैं। मंडल अध्यक्ष ललित गुर्जर ने खिलाड़ियों को भविष्य में जिला, संभाग और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पंकज पटेल, गोविंद गोरा, हीरालाल गेहलोत सहित अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

समापन समारोह में खेल शिक्षक योगेश जाणी, राजेश विश्नोई, तेजा जाट, आयुष यादव, विजय यादव, अनुज यादव, संजना विंजवा, श्रुति यादव, योगिता साहू, खुशबू यादव, रजनी जाट, भूमिका यादव एवं चंदन यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top