ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिकन नेवी का जहाज, 2 की मौत, 19 घायल |
न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब मेक्सिकन नेवी का ट्रेनिंग शिप कुआउतेमोक ईस्ट रिवर पर बने प्रसिद्ध ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट के मुताबिक यह हादसा रात 8:30 बजे हुआ। जहाज पर 277 क्रू मेंबर्स सवार थे। यह जहाज न्यूयॉर्क में एक फ्रेंडली टूर के तहत आया हुआ था और पियर 17 से आइसलैंड की ओर रवाना हो रहा था।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जांच के अनुसार, ब्रुकलिन ब्रिज के डेक की ऊंचाई 127 फीट है, जबकि जहाज के मस्तूल (टावर) की ऊंचाई 158 फीट थी। ऊंचाई में 31 फीट के अंतर के कारण जहाज का ऊपरी हिस्सा ब्रिज से टकरा गया, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
वीडियो वायरल:
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि जहाज का ऊपरी हिस्सा पुल से टकराता है और तेज आवाज के साथ क्षति होती है।
जांच जारी:
न्यूयॉर्क की इमरजेंसी क्राइसिस मैनेजमेंट एजेंसी (NYCEM) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी चूक या मानवीय गलती के कोण से भी जांच की जा रही है।
मेयर ने जताया दुख:
न्यूयॉर्क के मेयर ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।